Edition

मुख्यमंत्री आवास पर एनडीए की हाई लेवल बैठक, सरकार-संगठन के समन्वय और रणनीति पर मंथन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पटना : बिहार की राजधानी पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास (1 अणे मार्ग) पर शुक्रवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की हाई लेवल बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्य, एनडीए के वरिष्ठ नेता तथा सभी सहयोगी दलों के जिला अध्यक्ष शामिल हुए।
बैठक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जनता दल (यूनाइटेड), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा समेत एनडीए के सभी प्रमुख घटक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री आवास पर नेताओं के पहुंचने का सिलसिला बैठक शुरू होने से पहले ही जारी रहा।
सूत्रों के अनुसार बैठक में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने, सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, कार्यकर्ताओं की भूमिका को मजबूत करने तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
हाल के दिनों में बिहार की राजनीति में विभिन्न मुद्दों को लेकर चर्चाओं के बीच इस बैठक को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि एनडीए नेताओं ने किसी भी तरह की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और सरकार तथा संगठन बेहतर तालमेल के साथ जनता के हित में कार्य कर रहे हैं।

जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए की गई बैठक

नेताओं ने कहा कि यह नियमित समन्वय बैठक है, जिसका उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा, संगठन को और सशक्त बनाना तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करना है। बैठक के दौरान विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों से भी फीडबैक लिया गया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया गया।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से यह बैठक एनडीए के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि बैठक के विस्तृत निर्णयों की आधिकारिक जानकारी बाद में साझा किए जाने की संभावना है.

पटना से अमित कुमार की रिपोर्ट

Leave a Comment

और पढ़ें