Edition

बांकीपुर उपचुनाव: बीजेपी ने बनाया अभिषेक कुमार को अपना उम्मीदवार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पटना : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार की सबसे चर्चित और हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है। पार्टी ने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से अभिषेक कुमार को अपना प्रत्याशी बनाया है.

अभिषेक कुमार हैं पुराने भाजपा कार्यकर्ता

अभिषेक कुमार भाजपा के पुराने और समर्पित कार्यकर्ता माने जाते हैं। वे लंबे समय से संगठन से जुड़े हैं और बांकीपुर क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहे हैं। स्थानीय स्तर पर उनकी मजबूत पहचान को देखते हुए पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है। इस फैसले के जरिए भाजपा ने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि संगठन के प्रति निष्ठा और मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया जाता है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के भी करीबी हैं अभिषेक: सूत्र

वर्तमान में अभिषेक कुमार भाजपा प्रदेश युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष हैं। इससे पहले वे भाजपा पटना महानगर युवा मोर्चा के अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने संगठन में मंडल स्तर पर मंत्री और महामंत्री सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। संगठनात्मक अनुभव और जमीनी पकड़ को उनकी प्रमुख ताकत माना जाता है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार वे भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन के भी करीबी माने जाते हैं

अभिषेक बने बांकीपुर उपचुनाव मे एनडीए का चेहरा

बांकीपुर विधानसभा सीट बिहार की सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक सीटों में गिनी जाती है। ऐसे में इस उपचुनाव पर पूरे प्रदेश की नजर है। भाजपा ने किसी नए या बाहरी चेहरे के बजाय संगठन से जुड़े अनुभवी कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाकर कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने की कोशिश की है।

9 जुलाई को दाखिल करेंगे अपना नामांकन: सूत्र

सूत्रों के अनुसार अभिषेक कुमार 9 जुलाई को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन के दौरान भाजपा नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रहने की संभावना है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि अभिषेक कुमार बांकीपुर जैसे हाई-प्रोफाइल निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं का कितना विश्वास जीत पाते हैं और भाजपा के लिए क्या परिणाम लेकर आते हैं।

पटना से अमित कुमार की रिपोर्ट

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail