गया ।शहर में एक बिल्डर से 50 लाख रुपये की कथित रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित बिल्डर विकास कुमार ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया के सामने अपनी आपबीती सुनाई और पुलिस प्रशासन से स्वयं तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
विकास कुमार ने बताया कि उनका कार्यालय जी.बी. रोड स्थित साधु संयम कॉम्प्लेक्स में है। उनके अनुसार, 3 जुलाई की दोपहर अमित कुमार, उसके भाई सुमीत कुमार तथा तीन अन्य लोग कथित रूप से हथियार के साथ उनके कार्यालय पहुंचे। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि रंगदारी नहीं देने पर उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी गई। उनका यह भी दावा है कि मुख्य आरोपी के विरुद्ध पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
विकास कुमार ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में सिविल लाइंस थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
वहीं, सिविल लाइंस थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
मानवाधिकार डेक्स गया









