गैर-जवाबदेह और अपारदर्शी है मोदी सरकार, 10 का सामान 50 रुपए में मिले तो इसे महंगाई नहीं, लूट कहेंगे : कांग्रेस
चहेते जमाखोरों और मुनाफाखोरों को छूट

रांची : देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ भाजपा को घेरने में कांग्रेस पार्टी कोई कसर छोड़ नहीं रही है। धरना- प्रदर्शन के साथ कांग्रेस प्रेसवार्ता कर मोदी सरकार की गलत नीतियों को उजागर कर रही है। इस कड़ी में बुधवार को एआईसीसी प्रवक्ता मोहन प्रकाश रांची पहुंचे। उन्होंने पार्टी मुख्यालय में मीडिया को संबोधित किया। कहा कि देश इस समय बढ़ती महंगाई और वित्तीय कुप्रबंधन की दौर से गुजर रहा है। आज हालत यह है कि केंद्र की सरकार आमलोगों की जेब लूट रही है। यूपीए काल में भी महंगाई बढ़ी थी, लेकिन जब बढ़ती है, तो एक-दो माह बाद सरकार हस्तक्षेप कर आम जनता को राहत दिलाने का काम करती है। इसके उलट मोदी सरकार गैर-जवाबदेह और अपारदर्शी सरकार है। भाजपा नेताओं को बताना चाहिए कि डेढ़ साल से खाने का तेल 200 रुपए लीटर क्यों चल रहा है। विश्व में तेल का दाम घट रहा है और हिंदुस्तान में सैकड़ा क्यों पार कर रहा है। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय भी उपस्थित थे।
मोहन प्रकाश ने कहा कि अगर 10 रुपए का सामान 12 या 15 रुपए में बिक रहा है तो इसे महंगाई कहेंगे, लेकिन इसी कीमत का सामान अगर 30 या 50 रुपए में मिले, तो इसे महंगाई नहीं, लूट कहेंगे। मोदी सरकार ने आज अपने चहेते जमाखोरों और मुनाफाखोरों को आमलोगों को लूटने का काम दिया हुआ है।
हवाईअड्डों में प्रवेश शुल्क काफी बढ़ा है
सरकारी संस्थानों को प्राइवेट कंपनियों के हाथों बेचने पर भी उन्होंने सवाल उठाया। कहा निजी सेक्टरों के हाथों में जाने के बाद प्लेटफॉर्म और हवाईअड्डों में प्रवेश शुल्क काफी बढ़ा है। अब बाहर की जमीनों को भी प्राइवेट सेक्टरों को बेचा जा रहा है। प्राइवेट कंपनियों को बढ़ावा देने का ही हश्र है कि आज मुंद्रा पोर्ट पर 21000 करोड़ रुपए का हीरोइन कस्टम द्वारा पकड़ा गया। मोदी सरकार का अपने चहेते दोस्तों पर कृपा कितनी है, इसे आप इससे समझ सकते हैं कि गौतम अडाणी का 12,770 करोड़ रुपए का माफ कर दिया गया।
गरीबों को मुफ्त अनाज देने की पहल एक झुनझना
गरीबों को मुफ्त अनाज देने की पहल को एक झुनझना बताते हुए कहा कि यह सर्वविदित है कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम कांग्रेस नेतृत्ववाली यूपीए सरकार की ही देन है। इसमें कांग्रेस गरीबों को 1 रुपए में गेहूं और 2 रुपए किलो चावल गरीबों को देने का काम किया। कांग्रेस ने बिना किसी भेदभाव के भाजपा शासित राज्यों को इसे देकर दिखाया। कांग्रेस ने हमेशा मध्यम वर्ग को सब्सिडी देने का काम किया, पर कभी भी देश की अर्थव्यवस्था कमजोर नहीं हुई।