मधुबन चिंतन शिविर में राहुल गांधी ने कांग्रेस कोटे के मंत्रियों को चेताया, आपको हटा भी सकते हैं कार्यकर्ता
प्रभारी पांडेय ने सभी मंत्रियों को यह टास्क दिया था कि वे जिलों में जाकर कार्यकर्ताओं की समस्याओं को दूर करें

रांची-गिरिडीह : मधुवन में हो रहे झारखंड प्रदेश कांग्रेस के चिंतन शिवर को राहुल गांधी ने ऑनलाइन संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस कोटे के मंत्रियों को चेताया भी और नसीहत भी दी। कहा कि जिन कार्यकर्ताओं की बदौलत आप मंत्री बने हैं वही आपको हटा भी सकते हैं। हमारे मंत्रियों और विधायकों की जिम्मेदारी बनती है कि वह कार्यकर्ताओं को विश्वास दिलाएं कि सरकार उनकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ाया। इससे पहले झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडेय ने पिछले दौरे में सभी मंत्रियों को यह टास्क दिया था कि वे जिलों में जाकर कार्यकर्ताओं से मिलें और उनकी समस्याओं को दूर करें। इसके बाद सभी मंत्रियों ने अपने अपने स्तर से जिलों में कार्यकर्ताओं और आमलोगों से मुलाकात से उनकी समस्याओं को जाना। कोशिश की गई कि लोगों की समस्याओं का यथासंभव तत्काल निदान कर दिया जाए। चिंतन शिविर के दूसरे दिन सोमवार की देर रात सभी मंत्रियों ने अपने अपने स्तर से अलग-अलग रिपोर्ट प्रभारी को सौंपी और बताया कि वह कितने जिलों में और कितने कैंप कर चुके हैं। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडेय ने मंत्रियों को सभी 24 जिलों में घूमने का टास्क दिया था और इस हिसाब से एक मंत्री के जिम्मे 6 जिले आते हैं। सूत्रों की माने तो मंत्री लोग महज आधे जिलों तक की सीमित रहे हैं। इसके पीछे चुनाव प्रचार में लगने और कुछ अन्य कारण भी बताए गए। लौटकर सभी मंत्री एकबार फिर जिलों का रुख करेंगे।