झारखंड बजट सत्र : सदन में कमल का सिंबल लगा टोपी पहनकर आए रांची के विधायक सीपी सिंह

सदन में कोई भी अपने किसी पार्टी का सिंबल लेकर ना आए

रांची : भाजपा नेता सीपी सिंह सदन में कमल का सिंबल लगा टोपी पहनकर आए। सत्ता पक्ष ने इसका विरोध किया। सीपी सिंह बोले कि क्या परेशानी है। अगर टोपी पहनकर आना असंसदीय है तो बताएं। यह स्वदेशी टोपी है। कमल का फूल है। इसके बाद मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि यह सदन की गरिमा के प्रतिकूल है। फिर सीपी सिंह ने टोपी हटाई। देवघर के विधायक नारायण दास दुमका में उच्च न्यायालय का एक बेंच बनाने की मांग की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हम इसके पक्ष में है। इस संबंध में झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखा है।

सीपी सिंह ने कहा कि मेरी टोपी में खिलता हुआ कमल है। विपक्ष को इससे परेशानी नहीं होनी चाहिए। तब स्पीकर ने कहा कि सीपी सिंह जी आप अब टोपी रख दीजिए, बहुत हो गया। सीपी सिंह ने कहा कि स्पीकर महोदय बताइए आखिर मेरी टोपी से क्या परेशानी है। उधर संसदीय कार्यमंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि सदन में कोई भी अपने किसी पार्टी का सिंबल लेकर ना आए यह सुनिश्चित होना चाहिए। जब सीपी सिंह की टोपी पर चर्चा हो रही थी उस वक्त विधायक समीर कुमार मोहंती अपना तारांकित प्रश्न सदन में रख रहे थे। सदन के बाधित होने पर मोहंती ने कहा कि इन सब नौटंकी से बहुत समय बर्बाद हो जाता है। बाद में स्पीकर के निर्देश पर सीपी सिंह ने टोपी को मार्शल को सौंप दी, लेकिन विपक्ष को खिलता हुआ कमल दिखाकर चिढ़ाने लगे।

Show More

Related Articles