5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद अब मिशन झारखंड पर लगेगी भाजपा

रांची : गुरुवार को यूपी, पंजाब, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड का विधानसभा चुनाव का रिज्लट है। पंजाब छोड़कर बाकी राज्यों में भाजपा शुरू से लीड करने और फिर से सरकार बनाने की स्थिति में दिख रही है। इधर, पांच राज्यों के चुनाव परिणाम के बाद अब झारखंड में भी सियासी गलियारे में सुगबुगाहट तेज होने लगी है। प्रदेश भाजपा जहां चुनाव परिणामों से उत्साहित है, वहीं सत्तारूढ़ दलों के मुताबिक इससे झारखंड की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ने वाला। भाजपा अब मिशन झारखंड की तैयारी की बात कह रही है। कांग्रेस, झामुमो राज्य की राजनीति पर कोई फर्क नहीं पड़ने का दावा करने में लग गए हैं।

अब मिशन झारखंड

सांसद संजय सेठ ने कहा कि ‘मोदी है तो मुमकिन है’ का मंत्र फिर एकबार साकार हो गया। मोदी जी के विकास की राजनीति पर जनता ने मुहर लगा दी है। परिवारवादी, भोगवादी राजनीति को जनता ने नकार दिया है, उसे धत्ता बता दिया है। अब झारखंड सहित देशभर में कांग्रेस मुक्त भारत का अभियान जल्दी ही और गति पकड़ेगा। पार्टी के संगठन महामंत्री धर्मपाल ने यूपी के चुनाव रुझान पर कहा है कि वहां जनता ने सुशासन, सुरक्षा, समृद्धि के लिए वोट दिया है। सांसद महेश पोद्दार की मानें तो 2024 में राज्य और देश में होनेवाले चुनावों में सशक्त और कमजोर नेतृत्व के मसले पर ही चुनाव होंगे। जनता को बार-बार भावनात्मक, जातिवादी, धार्मिक राजनीति के बहाने बरगलाया नहीं जा सकता। अभी पांच राज्यों के चुनावी रूझान बताते हैं कि जनता को अंततः बेहतर, सुरक्षित जीवन की अपेक्षा राजनीति से होती है। विकास का मुद्दा कई कारणों से कई दल दबाए रखने में सफल रहे, पर अब ऐसा नहीं होने वाला। ऐसा करने पर चिन्हित दलों को जनता किनारे लगा देगी। विकासवादी राजनीति ही सबों का लक्ष्य हो।

Show More

Related Articles