बजट सत्र : माननीय सदस्य क्या आपलोगों को महिलाओं का समर्थन नहीं मिलता है, विपक्ष के हंगामे पर बोले स्पीकर
राज्य में हो रहे पत्थर लूट पर हंगामा

रांची : माननीय सदस्य क्या आपलोगों को महिलाओं का समर्थन नहीं मिलता है। क्या आपलोगों को महिलाओं का वोट नहीं मिलता है। आज महिला दिवस है। कृपया उनके सम्मान में थोड़ा शांत रहें। यह बातें स्पीकर रविन्द्र नाथ महतो ने कहीं। दरअसल सदन की कार्यवाही शुरू होते ही स्पीकर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दे रहे थे। इसी दौरान मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा के सभी विधायक हंगामा कर रहे थे। इसी कारण उपरोक्त बातें स्पीकर ने कही। उन्होंने कहा कि सदन में 10 महिला सदस्य हैं, जो दर्शाता है की राज्य में महिलाओं की भागीदारी मजबूत है। उन्होंने सदन के अलावा सचिवालय, पदाधिकारी दीर्घा और दर्शक दीर्घा के साथ विश्व की सभी महिला शक्ति को महिला दिवस की बधाई दी।
राज्य में हो रहे पत्थर लूट पर हंगामा
भाजपा के विधायक राज्य में हो रहे बालू लूट और पत्थर लूट के विरोध में हंगामा कर रहे थे। सदन की कार्यवाही शुरू होने के पहले विधानसभा परिसर में भी इस मुद्दे पर भाजपा विधायकों ने धरना दिया था।
शिक्षकों के प्रोन्नति की फाइल जेपीएससी में लंबित, लौटने के बाद जल्द होगा फैसला
2008 में नियुक्त शिक्षकों के प्रोन्नति का मामला जेपीएससी में लंबित है। जैसे ही वहां से इनका फाइल लौटेगा इसपर फैसला हो जाएगा। सदन में यह आश्वासन सरकार की तरफ से प्रभारी मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने दिया। उन्होंने कहा कि बाकी सुविधाएं विवि शिक्षकों को मिल रहा है। सिर्फ प्रोन्नति का मामला प्रक्रियाधीन है।
जेपीएससी के पास कब से है प्रोन्नति का मामला
विधायक सरयू राय ने सरकार से पूछा था कि 2008 में नियुक्त शिक्षकों की प्रोन्नति नहीं हो पा रही है। यह कब तक होगा। इसके जबाव में प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह मामला अभी तक जेपीएससी के पास लंबित है। जिसपर सरयू राय ने कहा कि क्या सरकार यह बताएगी कि जेपीएससी के पास यह मामला कब से है। जिसका जवाब सरकार नहीं दे पाई।