बजट सत्र : महंगी गाड़ियों के लिए खजाना में पैसा, गरीबों के लिए खजाना खाली : सीपी सिंह
आर्थिक तंगी के कारण गरीब फांसी लगा लेता है

रांची : झारखंड विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के पांचवे दिन बजट चर्चा पर रांची से भाजपा विधायक सीपी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों के लिए महंगी गाड़ी खरीदने के वक्त राज्य का खजाना खाली नहीं है, लेकिन राज्य की गरीब जनता के लिए सरकार का खजाना खाली है। मोरहाबादी मैदान में गोली चलती है और गाज गिरती है वहां जीविका चला रहे गरीब दुकानदारों पर। स्थिति यह होती है कि आर्थिक तंगी के कारण एक गरीब फांसी लगा लेता है। नामकुम में आदिवासी लोगों को नोटिस दिया जा रहा है। भाषा विवाद सरकार की उपलब्धि है। मॉब लिंचिंग की घटनाएं बढ़ गई है। राज्य में भ्रषटाचार की पराकाष्ठा है। बालू का अवैध उत्खनन हो रहा है।
जेपीएससी भर्ती घोटाला का अड्डा
सीपी सिंह ने कहा कि जेपीएससी भर्ती घोटाले का अड्डा बन गया है। मनरेगा भुगतान में गड़बड़ी, ट्रांसफर पोस्टिंग उद्योग बन गया है। जबसे यह राज्य बना है तभी से आदिवासी जमीन के लूट की बात सदन में उठ रही है। इस मामले पर सभी घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। सरकार बताए कि आदिवासियों की जमीन किसने लूटी है। सरकार इसपर श्वेत पत्र जारी करे। उन्होंने कहा कि यदि राज्य के 81 विधायकों ने आदिवासियों की जमीन लूटी है तो इसकी जांच कराकर सदन के पटल पर रिपोर्ट रखी जानी चाहिए।